देहरादून

अजेन्द्र अजय करेंगे गोदियाल पर मानहानी का दावा

 

देहरादून : केदारनाथ मंदिर के सोना घोटाले को लेकर सियासी सरगर्मियाँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गढ़वाल कमिश्नर द्वारा बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) को क्लीन चिट दिए जाने के बावजूद, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल लगातार समिति पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

गणेश गोदियाल ने बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष अजेन्द्र अजय से जवाब मांगते हुए कहा कि 230 किलो सोने के घोटाले की खबरें मीडिया में किसने पहुंचाई, इसका खुलासा किया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दान में सोना मिलने की खबरों पर भी बीकेटीसी की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।

वहीं, गणेश गोदियाल के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अजेन्द्र अजय ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर पहले ही मीडिया के माध्यम से सभी तथ्य रखे जा चुके हैं। गोदियाल केवल एक ही मुद्दे को बार-बार दोहराकर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।

अजेन्द्र अजय ने कहा कि यदि गणेश गोदियाल के पास कोई ठोस तथ्य हैं, तो उन्हें सक्षम प्राधिकरण के समक्ष शिकायत करनी चाहिए या हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गोदियाल के पास कोई सबूत नहीं हैं और वे केवल मीडिया व सोशल मीडिया के जरिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, अजेन्द्र अजय गणेश गोदियाल के खिलाफ मानहानि का दावा दायर करने की तैयारी कर रहे हैं।

 

Uma Shankar Kukreti