दीपावली त्योहार पर खाद्य सुरक्षा को लेकर ऊधम सिंह नगर में चला सघन अभियान
रुद्रपुर। आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से व्यापक जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखण्ड, डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देश पर उपायुक्त खाद्य संरक्षा, कुमाऊं मण्डल नैनीताल, डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में की गई।
अभियान के तहत उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड की सीमा पर स्थित टांडा-दडियाल रोड, काशीपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पुलिस और प्रशासन के सहयोग से करीब तीन दर्जन से अधिक वाहनों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इन वाहनों में मुरादाबाद, रामपुर, स्वार, टांडा और दडियाल आदि क्षेत्रों से लाए जा रहे दूध, मावा, पनीर, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध खाद्य सामग्री नहीं मिली, लेकिन विभिन्न प्रतिष्ठानों से 10 से अधिक खाद्य नमूने लिए गए। इसमें दूध एवं दुग्ध पदार्थ, मावा, पनीर, घी, मक्खन, सूजी और मसालों सहित कई खाद्य वस्तुएं शामिल थीं। लिए गए नमूनों को आगे की जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ एफएसएसए एक्ट 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।अभियान के दौरान सभी खाद्य विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे संदिग्ध व मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री न करें। साथ ही यह भी कहा गया कि बिना पंजीकरण या लाइसेंस के खाद्य कारोबार करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को अपने खरीद बिलों पर एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर अंकित करने और दैनिक क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए।खाद्य विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग तिथि और लाइसेंस नंबर अवश्य जांचें। यदि कहीं निम्न गुणवत्ता या अस्वस्थ्यकर खाद्य वस्तुएं बेची जा रही हों तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1800-180-4246 पर करें।इस विशेष प्रवर्तन अभियान दल में डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत (उपायुक्त खाद्य संरक्षा), डॉ. प्रकाश फुलारा (सहायक आयुक्त), अपर्णा साह (वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी) और आशा आर्या (खाद्य सुरक्षा अधिकारी) सहित विभागीय अधिकारी शामिल रहे।
