उत्तराखंड के इस जिले में हाइवे पर मौत बनकर दौड़ रहे डागामार वाहन, धान उठान में नियमों की उड़ रही धज्जियां, जानिए पूरा मामला
रुद्रपुर। धान के उठान के दौरान हाईवे पर डागामार वाहनों का बेजा इस्तेमाल अन्य वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। मानक विहीन ट्रालों और कृषि वाहनों को कमर्शियल कार्यों में झोंकने से न केवल सड़क सुरक्षा खतरे में पड़ रही है, बल्कि सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। विभागीय जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
रोजाना मंडी की आढ़तो से सैकड़ों डागामार वाहन नियमों को ताक पर रखकर धान का परिवहन कर रहे हैं। कई वाहनों पर दर्जनों लोग धान की बोरियों के ऊपर बैठे सफर करते देखे जा रहे हैं, जो किसी भी वक्त हादसे को न्योता दे सकते हैं। परिवहन और पुलिस विभाग के जिम्मेदार जिम्मेदार स्थिति से पूरी तरह बेखबर दिखाई दे रहे हैं।हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ते यह वाहन मानो मौत बनकर सड़कों पर चल रहे हों। बिना फिटनेस और रजिस्ट्रेशन वाले ट्राले खुलेआम दौड़ाए जा रहे हैं, जिससे न केवल यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है, बल्कि कर चोरी के कारण सरकारी राजस्व पर भी असर पड़ रहा है।इस मामले पर एआरटीओ नवीन सिंह ने बताया कि जिले में नियम विरुद्ध चल रहे ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कृषि उद्देश्य के लिए जारी वाहनों का कमर्शियल प्रयोग कानूनन अपराध है और ऐसे वाहनों का संचालन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
