देहरादून

आंगनबाड़ी वर्कर्स को जल्द मिलेगी राहत! बकाया मानदेय और भवन किराया शीघ्र जारी होने का आश्वासन

 

आंगनबाड़ी वर्कर्स के बकाया मानदेय और भवन किराए पर जल्द फैसला, सचिव ने शीघ्र भुगतान का दिया भरोसा।

📍देहरादून। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चंद्रेश यादव से मुलाकात कर आंगनबाड़ी वर्कर्स के लंबित मानदेय और भवन किराए का मुद्दा उठाया। इस दौरान दोनों मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई और सचिव ने शीघ्र भुगतान जारी कराने का भरोसा दिया।
नेगी ने बताया कि आंगनबाड़ी वर्कर्स को पिछले दो से तीन माह से मानदेय नहीं मिला, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। वहीं करीब तीन माह का भवन किराया भी आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन स्वामियों को नहीं मिल पाया है, जिसके कारण भवन स्वामी लगातार वर्कर्स पर भुगतान का दबाव बना रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर संबंधित मंत्री द्वारा संज्ञान न लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना है कि सरकार को आंगनबाड़ी वर्कर्स की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए तत्काल समाधान करना चाहिए।
रघुनाथ सिंह नेगी ने उम्मीद जताई कि सचिव स्तर पर हुई सकारात्मक चर्चा के बाद आंगनबाड़ी वर्कर्स का बकाया मानदेय और भवन किराया जल्द जारी होगा, जिससे हजारों वर्कर्स को राहत मिलेगी।

 

Uma Shankar Kukreti