Crimeदेहरादून

ऑपरेशन प्रहार: दून पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 3 तस्कर गिरफ्तार, 6 लाख की स्मैक बरामद

 

ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस का बड़ा एक्शन, 20.06 ग्राम स्मैक के साथ 3 नशा तस्कर गिरफ्तार, करीब 6 लाख रुपये की स्मैक बरामद।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 20.06 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई है।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में विकासनगर और डोईवाला पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

विकासनगर में दो तस्कर दबोचे
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान चाय बागान रोड, उदियाबाग में ऑल्टो कार (यूके-07-बीटी-3409) से दिलशाद उर्फ शानू को 7.69 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। वहीं त्यागी फार्म हाउस के पास से जावेद को 5.96 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी जब्त कर ली गई।


डोईवाला में भी कार्रवाई
कोतवाली डोईवाला पुलिस ने तेलीवाला रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान फरीद नामक युवक को 6.41 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार फरीद पूर्व में चोरी के मामले में भी जेल जा चुका है।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
देहरादून पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और उत्तराखंड को नशा मुक्त देवभूमि बनाने के लिए ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।

Uma Shankar Kukreti