Uttarakhandकोटद्वार

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी ने 180 पंजीकृत श्रमिकों को वितरित की श्रमिक कल्याण किट, 70 श्रमिकों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच

कोटद्वार, 31 जुलाई। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने शुक्रवार को अपने नींबूचौड़ स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पंजीकृत श्रमिकों को अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन के सहयोग से श्रमिक कल्याण किट वितरित की। इस दौरान करीब 180 पंजीकृत श्रमिकों को कल्याण किट प्रदान की गई, जबकि लगभग 70 श्रमिकों ने 44 प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।


उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की मजबूत आधारशिला हैं और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण की जिम्मेदारी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच जैसी पहल से श्रमिकों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और उचित उपचार का अवसर मिलता है। उन्होंने श्रमिकों से सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का भी आह्वान किया।


ऋतु खण्डूडी भूषण ने अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा श्रमिक हित में किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से जनसेवा के कार्य और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण एवं अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिक कल्याण किट वितरण और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच जैसे कार्यक्रम उनके लिए अत्यंत उपयोगी और लाभकारी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास श्रमिकों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।