Uttarakhand

सीडीओ ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण की समीक्षा, जून 2026 तक अकादमिक ब्लॉक व हॉस्टल पूर्ण करने के निर्देश

रुद्रपुर। विकास भवन में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को तय समय सीमा में निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मा० मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है और अगले सत्र से ही मेडिकल कॉलेज शुरू किया जाना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीडीओ ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सभी कार्यों की स्पष्ट टाइमलाइन तैयार की जाए और तय कार्यक्रम के अनुसार प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्य प्रगति की सूचना प्रत्येक 15 दिन में उपलब्ध कराई जाए, साथ ही प्रत्येक सप्ताह प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्साधिकारी और पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से कार्यों की समीक्षा व मॉनिटरिंग की जाएगी।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि निर्माण समय पर पूरा करने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जून 2026 तक ब्लॉक–ए में अकादमिक ब्लॉक, दो हॉस्टल, लेक्चर थिएटर, मैस व डाइनिंग हाल हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। सीडीओ ने कहा कि इन सभी भवनों में विद्युत व्यवस्था, लिफ्ट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि नेशनल मेडिकल काउंसिल का निरीक्षण कराकर आगामी सत्र से कॉलेज में कक्षाएं शुरू कराई जा सकें।बैठक के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने पेयजल निगम, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश देते हुए कार्यों में गति लाने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी और प्राचार्य मेडिकल कॉलेज को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, पेयजल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक नरेन्द्र नवानी, सहायक अभियंता सुभाष चन्द्र भट्ट, अपर सहायक अभियंता रंजीत आर्या सहित ठेकेदार व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Shubham Mishra