Uttarakhand

चमोली: अतिथि शिक्षक पर तीन नाबालिग छात्रों से छेड़छाड़ का आरोप, क्षेत्र में रोष – पुलिस जांच शुरू

 

चमोली, रविवार (3सितंबर)।
दशोली ब्लॉक के एक गाँव में स्थित सरकारी इंटर कॉलेज से शिक्षक जैसी पवित्र पेशे को कलंकित कर देने वाली गंभीर घटना सामने आई है। विद्यालय में तैनात अतिथि शिक्षक यूनुस अंसारी पर आरोप है कि उन्होंने अपने किराए के कमरे पर ट्यूशन पढ़ने गई कक्षा 7 की छात्रा और कक्षा 12 के दो नाबालिग छात्रों से छेड़छाड़ की। मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है।

पुलिस ने ली संज्ञान, परिजनों की शिकायत के बाद जांच तेज

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पटवारी क्षेत्र से नाबालिग छात्रों से छेड़छाड़ का मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर पहले नहीं मिली थी, फिर भी पुलिस ने गंभीरता को देखते हुए स्वतः जांच प्रारंभ कर दी थी, और शिकायत मिलने के बाद अब आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना तीन दिन पुरानी, आरोपी का माफीनामा सामने आया

सूत्रों के अनुसार घटना लगभग तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। मामला उजागर होने के बाद आरोपी यूनुस अंसारी ने विद्यालय प्रबंधन को लिखित माफीनामा भी दिया था। इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन ने आरोपी को पुलिस के हवाले नहीं किया, बल्कि उसे अन्यत्र स्थानांतरित कर रिलीव कर दिया। अब आरोपी फरार है, जिससे विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी की पुष्टि

दशोली के खंड शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती ने बताया कि उन्हें 27 नवंबर को विद्यालय एवं पीटीए की ओर से घटना का उल्लेख करते हुए एक पत्र प्राप्त हुआ था, जिसके आधार पर उन्होंने अपनी रिपोर्ट तैयार कर चमोली थाने को भेज दी थी।

इसके बाद मामला बढ़ने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने आरोपी शिक्षक द्वारा दिया गया माफीनामा भी पुलिस को उपलब्ध कराया। जब परिजनों को पूरी जानकारी मिली तो उन्होंने चमोली थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

हिंदूवादी संगठनों का हंगामा, गिरफ्तारी की मांग

शिकायत दर्ज होने के बाद हिंदूवादी संगठनों के लोग भी चमोली थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच के दायरे में—

  • नाबालिग छात्रों के बयान
  • विद्यालय प्रबंधन की भूमिका
  • आरोपी के स्थानांतरण की प्रक्रिया
  • माफीनामा का सत्यापन

सभी पहलू शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है

Uma Shankar Kukreti