उत्तराखंड: रंजन कुमार मिश्र बने नए प्रमुख वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख (HoFF)
उत्तराखंड सरकार ने रंजन कुमार मिश्र को प्रमोट कर बनाया नया HoFF
DPC की अनुशंसा पर रंजन कुमार मिश्र नए प्रमुख वन संरक्षक नियुक्त
एक माह शेष कार्यकाल के कारण बी.पी. गुप्ता को नहीं मिला HoFF पद,
1993 बैच के IFS अधिकारी है रंजन कुमार मिश्र
देहरादून।
उत्तराखंड सरकार ने 1993 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी रंजन कुमार मिश्र को राज्य का नया प्रमुख वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख (Head of Forest Force – HoFF) नियुक्त कर दिया है। यह पद 1990 बैच के आईएफएस अधिकारी समीर सिन्हा के 30 नवंबर 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुआ था।
पे-मैट्रिक्स लेवल-17 में पदोन्नति, आदेश जारी
शासन सचिव सी. रविशंकर द्वारा जारी आदेश के अनुसार रंजन कुमार मिश्र को प्रभागीय वन संरक्षक (देहरादून) से पदोन्नत कर पे-मैट्रिक्स लेवल-17 में HoFF पद पर तैनात किया गया है।
आदेश राज्यपाल की स्वीकृति मिलते ही तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगा। आदेश की प्रति भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, मुख्य सचिव तथा वन विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।
DPC की अनुशंसा के बाद निर्णय
यह चयन 25 नवंबर 2025 को हुई विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अनुशंसा के आधार पर किया गया है।
वरिष्ठता क्रम में 1992 बैच के भवानी प्रकाश गुप्ता (बी.पी. गुप्ता) सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं और वर्तमान में PCCF (प्रशासन) के पद पर कार्यरत हैं, लेकिन उनकी सेवानिवृत्ति 31 दिसंबर 2025 को होनी है। शेष कार्यकाल केवल एक माह होने के कारण सरकार ने उन्हें HoFF का कार्यभार न देकर अगली वरिष्ठता वाले अधिकारी रंजन कुमार मिश्र को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
पूर्व पद पर भी नई नियुक्ति होगी
अब तक रंजन कुमार मिश्र प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) के पद पर कार्यरत थे। उनके HoFF बनने के बाद इस पद पर भी नए अधिकारी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कार्यकाल जून 2026 तक, कपिल लाल अगली वरिष्ठता में
रंजन कुमार मिश्र का कार्यकाल 30 जून 2026 तक रहेगा। उनके बाद वरिष्ठता में 1994 बैच के कपिल लाल अगली पंक्ति में दावेदार होंगे।
