न्यू ईयर की रात अव्यवस्था और हादसों की भेंट चढ़ी राजधानी, दून अस्पताल में 54 मरीज पहुंचे, एक की मौत
- जश्न में लापरवाही पड़ी भारी, दून अस्पताल में घायलों की लगी कतार
- सड़क हादसे और मारपीट से बिगड़ा न्यू ईयर सेलिब्रेशन, दून में अलर्ट रहा स्वास्थ्य विभाग
- न्यू ईयर नाइट: दून अस्पताल की इमरजेंसी में रही सबसे व्यस्त रात
देहरादून।
नए साल के जश्न के दौरान राजधानी देहरादून में सड़क हादसों, झगड़ों और मारपीट की घटनाओं में अचानक इजाफा देखने को मिला। 31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी की सुबह तक दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में लगातार मरीज पहुंचते रहे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े 43 घायल मरीजों को इमरजेंसी में लाया गया, जिनमें से 9 की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया। वहीं 3 मरीजों की स्थिति नाजुक बताई गई। इसके अलावा आपसी झगड़े और मारपीट के मामलों में 11 लोग घायल होकर अस्पताल पहुंचे।
एक युवक को अस्पताल मृत अवस्था (ब्रॉट डेड) में लाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अस्पताल पहले से ही अलर्ट मोड पर था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर इमरजेंसी में अतिरिक्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और दवाओं की व्यवस्था की गई थी, जिससे बड़ी संख्या में मरीजों के बावजूद इलाज में कोई परेशानी नहीं आई। सामान्य हालत वाले मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
बुधवार रात करीब 8 बजे से गुरुवार सुबह तक सड़क दुर्घटना, झगड़े और नशे से जुड़े मामलों में कुल 54 लोग अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि चमोली जिले के कचहरी रोड पर हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय नितेश को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
