Uttarakhand

गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर नगर कीर्तन यात्रा का आयोजन, मुख्यमंत्री धामी ने की शिरकत 

गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पहुँचकर सीएम धामी ने टेका मत्था

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को ननकाना साहिब बड़ा गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से निकाले जा रहे नगर कीर्तन यात्रा का स्वागत किया।

सीएम धामी ने कहा कि यह नगर कीर्तन यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, एकता और गुरु साहिब के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का पवित्र अभियान है। उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी को ‘हिन्द दी चादर’ बताते हुए कहा कि उनके बलिदान ने यह सिद्ध कर दिया कि धर्म की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देना पुण्य है और अत्याचार के आगे झुकना अधर्म।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिनमें करतारपुर कॉरिडोर, लंगर से कर हटाना, हरमंदिर साहिब को FCRA पंजीकरण और ‘वीर बाल दिवस’ की घोषणा प्रमुख हैं। धामी ने कहा कि राज्य में गोविंद घाट से हेमकुंड साहिब तक 12.5 किमी लंबे रोपवे के निर्माण का कार्य तेजी से हो रहा है, जिससे श्रद्धालु महज 45 मिनट में यात्रा पूरी कर सकेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रदेश सरकार धर्मांतरण व लैंड जिहाद के खिलाफ कड़े कदम उठा रही है और अब मदरसा बोर्ड को समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर राज्यभर में भव्य आयोजन किए जाएंगे।इस मौके पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *