पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, निष्पक्ष जांच की मांग
देहरादून। जिला कांग्रेस कमेटी ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रेस वार्ता आयोजित की। प्रेस वार्ता को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने संबोधित किया।
डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने आरोप लगाया कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षाएं रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में विलंब के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में निराशा और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।
उन्होंने देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा संबंधी तनाव और अनिश्चितता युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल रही है। कांग्रेस का आरोप है कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से अब तक आयोजित कई परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। उन्होंने सरकार पर पेपर लीक मामलों में प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि:
- पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
- नकल माफिया के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
- परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाए।
- लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
- प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।
कांग्रेस ने कहा कि वह युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है और इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
