Uttarakhandदेहरादून

*जनता दर्शन में उमड़ी भीड़ः 146 फरियादी पहुंचे समाधान की आस में,*

 

आपदा पीड़ित बेसहारा 60 वर्षीय महिला को मिला सहारा, जिला प्रशासन ने राइफल क्लब से प्रदान की 25 हजार की सहायता

जनता दरबार में 84 वर्षीय बुजुर्ग की विधिक प्राधिकरण में शिकायत दर्ज, 70 वर्षीय अमर देवी को सीनियर सिटीजन सेल में मिलेगा न्याय

देहरादून, 17 नवंबर 2025 (सू.वि.)
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित हुआ। जनता दरबार में भूमि विवाद, सीमांकन, अतिक्रमण, मारपीट, भरण-पोषण, आपदा क्षतिपूर्ति, आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कुल 146 शिकायतें/समस्याएं दर्ज की गईं।
सीडीओ ने मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण करते हुए शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया।

आपदा में सबकुछ खो चुकी 60 वर्षीय बेसहारा महिला को तत्काल सहायता

सहस्रधारा निवासी 60 वर्षीय हरदीप कौर ने बताया कि आपदा में उनका घर और सारा सामान बह गया और उनका कोई सहारा नहीं है। आर्थिक मदद के अनुरोध पर राइफल क्लब फंड से 25 हजार रुपये का चेक मौके पर ही प्रदान किया गया।

बेटे-बहू से प्रताड़ित 70 वर्षीय बुजुर्ग की मदद

चन्द्रबनी चोयला निवासी 70 वर्षीय अमर देवी ने दोनों बेटों और बहुओं द्वारा मारपीट व भोजन न देने की शिकायत की। इस पर सीडीओ ने एसएसपी कार्यालय के सीनियर सिटीजन सेल में वाद दायर कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

84 वर्षीय चंडी प्रसाद को पड़ोसी से मिल रही परेशानियों पर कार्रवाई

शक्ति कॉलोनी निवासी 84 वर्षीय चंडी प्रसाद लखेडा ने पड़ोसी द्वारा जमीन कब्जाने व बार-बार परेशान करने की शिकायत दर्ज कराई। मामले को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में मुकदमा दर्ज कराते हुए त्वरित न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए।

दिव्यांग बेटे के रोजगार और सहायता हेतु निर्देश

आर्या नगर निवासी प्रिया वर्मा ने अपने दिव्यांग बेटे के इलाज खर्च और देखभाल के बीच रोजगार की समस्या रखी। इस पर समाज कल्याण एवं उद्योग विभाग को तत्काल सहायता के निर्देश दिए गए।
गरीब राजेन्द्र कुमार और दिनेश कुमार की आर्थिक सहायता की मांग पर जांच कर प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

अवैध पार्किंग, वर्कशॉप और अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई

– अजबपुर फ्लाईओवर के नीचे संचालित अवैध पार्किंग और वर्कशॉप पर सिटी मजिस्ट्रेट और उप नगर आयुक्त को तुरंत कार्रवाई के निर्देश
– झांझरा में सुभारती ट्रस्ट द्वारा कथित अतिक्रमण पर एसडीएम विकासनगर को एक सप्ताह में निस्तारण का आदेश
– नत्थनपुर वार्ड 95 में सड़क सीमांकन न होने से अनधिकृत कब्जों पर सीमांकन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
– सरस्वती विहार लेन-7 में एक व्यक्ति द्वारा नगर निगम बाउंड्री तोड़ने और अवैध द्वार खोलने की शिकायत पर एमडीडीए और नगर निगम को कार्रवाई का निर्देश

अन्य प्रमुख निर्देश

  • चकराता पिंगवा लिंक सड़क मरम्मत हेतु बीडीओ चकराता को निर्देश
  • तिमली मानसिंह व सरोना में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु घेराबाड़ कराने को मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश
  • ऐतिहासिक खाराखेत स्थल के सौंदर्यीकरण में देरी पर पर्यटन एवं वन विभाग से आख्या तलब
  • अपर बद्रीश कॉलोनी-राजीव नगर में 50 परिवारों को बिजली-पानी समस्या पर उप नगर आयुक्त को जांच के निर्देश
  • हर्रावाला में नेशनल हाईवे अधिग्रहण भूमि की तीसरी किश्त न मिलने पर एनएच को शीघ्र भुगतान के निर्देश

जनता दरबार में एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त संतोष पांडेय, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, डीपीओ जितेन्द्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti