गौचरचमोली

गौचर : उद्यान गोष्ठी में 60 से अधिक प्रगतिशील काश्तकार सम्मानित

 

केएस असवाल | गौचर | 17 नवम्बर 2025

गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले के तहत आयोजित उद्यान गोष्ठी में जिले के 60 से अधिक प्रगतिशील काश्तकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य शैलेन्द्र नेगी तथा मेलाधिकारी उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रांगढ़ ने काश्तकारों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।

जिला उद्यान अधिकारी नितेन्द्र सिंह ने काश्तकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक मजबूती के लिए सब्जी उत्पादन के साथ ही कीवी, मशरूम और मौन पालन को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। उन्होंने बताया कि भारत के पहाड़ी राज्यों में कीवी की खेती बड़े स्तर पर की जा रही है जिससे किसानों को अच्छा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि

  • मौन पालन में बॉक्स खरीद पर 40% अनुदान,
  • मशरूम उत्पादन के लिए प्रोत्साहन,
  • खेतों में ही प्रशिक्षण देने की नई योजना
    उद्यान विभाग द्वारा लागू की जा रही हैं।

उद्यान निरीक्षक मंजू राणा ने कहा कि विभाग काश्तकारों को रियायती दरों पर सब्जियों के बीज तथा अनुदान पर पाली हाउस उपलब्ध करा रहा है ताकि किसान बेमौसमी सब्जी उत्पादन कर सकें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री, जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट, शाक्षी नेगी, चन्द्रकला, अनीता देवी सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। संचालन हर्षवर्धन थपलियाल ने किया।

इस दौरान दिग्पाल गुसाईं, प्रदीप लखेड़ा, कमल सिंह रावत सहित क्षेत्र के 60 से अधिक प्रगतिशील काश्तकारों को सम्मानित किया गया

K. S. Aswal