देहरादून: 55 लाख गबन, थाने में बवाल, महिला गिरफ्तार
देहरादून |दिनांक: 19 अप्रैल 2026
📍 थाना प्रेमनगर (देहरादून)
दिनांक 09.04.2026 को कोतवाली प्रेमनगर में यशपाल सिंह, निवासी श्यामपुर अंबीवाला, द्वारा एक तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि उनके यहां कार्यरत प्रवीण सेमवाल, जो वर्ष 2020 से उनके साथ कार्य कर रहा था, पर पूर्ण विश्वास किया जाता था।
आरोप है कि प्रवीण सेमवाल ने अपनी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल एवं साले आकाश के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए कार्यालय के कैश काउंटर की नकली चाबी बनाकर नकदी की चोरी की। साथ ही, आवेदक के निर्माण सामग्री (रोड़ी, बजरी, सीमेंट आदि) को बिना जानकारी के बेचकर धनराशि हड़पी गई।
जनवरी 2026 में जब खातों की जांच की गई, तो अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि विपक्षियों द्वारा लगभग ₹55 लाख की धनराशि का गबन किया गया है। इस संबंध में बातचीत के दौरान विपक्षी द्वारा ₹20 लाख वापस करने का लिखित समझौता भी दिया गया, जिसे बाद में अस्वीकार कर दिया गया।
जांच के दौरान प्रवीण सेमवाल को थाने बुलाया गया। कुछ समय पश्चात उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल अपने भाई आकाश के साथ थाने पहुंची और वहां हंगामा करने लगी। आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा महिला उपनिरीक्षक के साथ मारपीट की।
इस संबंध में कोतवाली प्रेमनगर में अभियुक्तगण के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
🔹 थाने में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, प्रतीक्षा सेमवाल स्वयं अपने भाई के साथ थाने आई थी। उसे पुलिस द्वारा थाने नहीं लाया गया था।
