देहरादून

देहरादून: चकराता में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार;

 24 वर्षीय युवक की मौत, पत्नी और दो बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जनपद के चकराता क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू कर युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, चकराता तहसील के दुनुवा गांव निवासी 24 वर्षीय जगमोहन बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपनी कार (UK11A6727) से सहिया की ओर जा रहे थे। दुनुवा-मलेथा मोटर मार्ग पर गांव से कुछ दूरी पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। खाई में गिरने के बाद कार नीचे स्थित दूसरी सड़क पर पलट गई। हादसे के समय कार में जगमोहन अकेले सवार थे।
ग्रामीणों ने दिखाई मानवता
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। विजय सिंह तोमर, प्रेम सिंह तोमर, रितेश, धरमू, सुखिया, संजय और रमेश सहित कई लोगों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। झाड़ियों के बीच गंभीर रूप से घायल जगमोहन को बाहर निकालकर निजी वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहिया पहुंचाया गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
सीएचसी सहिया में ड्यूटी पर तैनात डॉ. सरिता धारिया ने प्राथमिक जांच के बाद जगमोहन को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सहिया चौकी प्रभारी संदीप पंवार पुलिस टीम के साथ मौके और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
माचिस की डिब्बी की तरह पिचक गई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरते ही कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया, जिससे दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
24 वर्षीय जगमोहन अपने परिवार के इकलौते सहारे थे। उनके निधन से पत्नी और दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
🕉️ ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।