देहरादून

देहरादून: बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट करने वाले 2 आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस ने पूरा माल बरामद किया

देहरादून, 20 जुलाई। रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की सनसनीखेज वारदात का देहरादून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को गढ़वाली कॉलोनी, रायपुर निवासी श्रीमती गीता काला ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी माता श्रीमती भुवनेश्वरी देवी, जो घर में अकेली थीं, के पास दो युवक नगर निगम कर्मचारी बनकर पहुंचे। सफाई व्यवस्था की जांच का बहाना बनाकर दोनों घर में घुसे, महिला को बंधक बनाया, मारपीट की और उनके सोने के कुंडल, अंगूठी, ₹3,000 नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 20 जुलाई को सीक्यूआई जंगल, रायपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटा गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्लंबर का काम करते हैं और नशे के आदी हैं। मुख्य आरोपी सागर सिंह पीड़ित महिला के मोहल्ले का ही रहने वाला है और उसे पता था कि बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने नगर निगम कर्मचारी बनकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लूट का सामान बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए।

बरामदगी

  • सोने के एक जोड़ी कुंडल
  • सोने की एक अंगूठी
  • वीवो कंपनी का मोबाइल फोन
  • ₹3,000 नकद

इस कार्रवाई को थाना रायपुर पुलिस की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।