देहरादून

हरीश रावत के 15 दिन के अवकाश से धीरेंद्र प्रताप चिंतित, बोले—“यह चिंता का विषय”

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा—अवकाश के पीछे पीड़ा के संकेत, आलाकमान को करना चाहिए समाधान

उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के 15 दिन के अवकाश लेने के फैसले पर चिंता और दुख जताया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के मुखिया का छुट्टी पर जाना पूरे परिवार के लिए चिंता का विषय होता है। हरीश रावत जैसे सक्रिय राजनीतिक जीवन वाले नेता का पार्टी गतिविधियों से दूर रहना असामान्य प्रतीत होता है।
धीरेंद्र प्रताप ने संकेत दिए कि इस अवकाश के पीछे कुछ पीड़ा या असंतोष हो सकता है, जिसे कांग्रेस आलाकमान को गंभीरता से लेकर दूर करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरीश रावत ने जीवनभर कांग्रेस के एक वफादार नेता के रूप में काम किया है और उनकी सेवाओं का सम्मान होना चाहिए। हाल ही में हरिद्वार के जय राम आश्रम में मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि शीर्ष नेतृत्व से बातचीत की बात भी सामने आई है।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि वे जल्द ही हरीश रावत से मिलकर विस्तार से चर्चा करेंगे और उनसे अपने अवकाश के फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करेंगे।
उन्होंने अंत में कहा कि “हरीश रावत व्यक्ति नहीं, एक संस्था हैं और आज के उत्तराखंड में उनके कद का नेता दिखाई नहीं देता।”

Uma Shankar Kukreti