“देहरादून के सरकारी स्कूलों में डिजिटल क्रांति: 168 विद्यालयों में 884 स्मार्ट टीवी लगेंगे, 3.67 करोड़ की ऐतिहासिक पहल”
देहरादून, 07 फरवरी 2026। मा0 मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जनपद देहरादून में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” के तहत जिले के 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 3.67 करोड़ रुपये की लागत से 884 स्मार्ट टीवी स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है।

इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। स्मार्ट टीवी के माध्यम से अब कक्षाओं में ऑडियो-वीडियो कंटेंट, ई-लर्निंग मॉड्यूल, दीक्षा पोर्टल, पीएम ई-विद्या, डिजिटल पाठ्य सामग्री और वर्चुअल क्लास का उपयोग संभव हो सकेगा, जिससे पढ़ाई अधिक रोचक और प्रभावी बनेगी।

जिला प्रशासन द्वारा 06 विकासखंडों के सभी 168 विद्यालयों में कक्षा-कक्षों के आकार और छात्र संख्या के अनुसार 43 इंच और 55 इंच के स्मार्ट टीवी लगाए जाएंगे। यह पूरी धनराशि जिला खनन निधि से उपलब्ध कराई गई है, जिससे सरकारी और निजी विद्यालयों के बीच डिजिटल अंतर को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

इससे पहले जिला प्रशासन ने 5 करोड़ रुपये के सीएसआर फंड से सभी सरकारी विद्यालयों को फर्नीचर से सुसज्जित भी किया है।
स्मार्ट टीवी की खरीद जैम पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी ई-टेंडर प्रक्रिया द्वारा की गई, जिसमें 12 फर्मों ने प्रतिभाग किया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित टेंडर समिति द्वारा तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद चयनित फर्म को कार्यादेश जारी किया गया है। आपूर्ति और स्थापना कार्य शीघ्र ही शुरू कर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने इसे शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि प्रशासन विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीक-आधारित शिक्षण वातावरण विकसित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
