Crimeदेहरादून

देहरादून में जीएसटी बिल मांगने पर विवाद, ग्राहक ने सुरक्षा की लगाई गुहार

देहरादून। राजधानी देहरादून में जीएसटी बिल मांगने को लेकर एक ग्राहक और व्यापारी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिकायतकर्ता सुमित डंगवाल ने जोगीवाला पुलिस चौकी, थाना नेहरू कॉलोनी में प्रार्थना पत्र देकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित डंगवाल ने 28 मार्च 2026 को मोखमपुर फ्लाईओवर के नीचे स्थित भारत एल्यूमिनियम हाउस नामक दुकान से सामान खरीदा था। आरोप है कि भुगतान करने के बावजूद व्यापारी द्वारा जीएसटी बिल जारी नहीं किया गया। इसको लेकर उन्होंने संबंधित जीएसटी विभाग में भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 29 मार्च को जब उन्होंने व्यापारी से फोन पर बिल की मांग की, तो व्यापारी का व्यवहार कथित रूप से डराने-धमकाने वाला था। इस घटना के बाद सुमित डंगवाल को अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका होने लगी।
उन्होंने बताया कि फोन कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे जरूरत पड़ने पर साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि मामले को जनरल डायरी (GD) में दर्ज किया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रार्थना पत्र में उन्होंने खुद को कानून का पालन करने वाला नागरिक बताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत के साथ भुगतान के प्रमाण, संबंधित दस्तावेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी संलग्न की है।
वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Uma Shankar Kukreti