देहरादून

जिला प्रशासन का जनता दर्शन; पीड़ितों की सुनवाई; समयबद्ध निस्तारण से बढता जन विश्वास

 

बुजुर्ग विधवा मीना आनन्दं, लकवाग्रस्त वीरेन्द्र धीमान का रायफल क्लब फंड से आर्थिक सहायता

दुर्घटना में अपने दोनो पैर गंवा चुके सूर्य प्रकाश के ऋण का निस्तारण शीघ्र

कैंसर पीड़ित सुमन एवं मोनिका की बेटियों की शिक्षा ‘‘नंदा-सुनंदा’’ से पुनर्जीवित

विधवा भारती बडोला की दिव्यांग बेटी का आरटीई के तहत दाखिला न देने पर निजी स्कूल के प्रबन्धक तलब; सीईओ व डीईओ से मांगी एक्शन टैकन रिपोर्ट

मा0 मुख्यमंत्री के जनसेवा संकल्प से प्रेरित जिला प्रशासन का जनदर्शन; सुनवाई से लेकर समयबद्ध न्याय तक

देहरादून | 19 जनवरी 2026 (सू0वि0)
मा0 मुख्यमंत्री के जनसेवा संकल्प से प्रेरित जिला प्रशासन का जनदर्शन कार्यक्रम आमजन के लिए भरोसेमंद मंच बनता जा रहा है। सुनवाई से लेकर समयबद्ध न्याय प्रक्रिया तक आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास लगातार सुदृढ़ हो रहा है।
देहरादून के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जनसामान्य से संबंधित कुल 158 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा निस्तारण की सूचना शिकायतकर्ता को लिखित रूप में उपलब्ध कराई जाए।
जनदर्शन में आए प्रमुख प्रकरण
शिव एन्क्लेव, मेहूवाला निवासी नेहा ने आईसीआईसीआई बैंक से लिए गए ₹5 लाख ऋण की किस्तों में राहत की मांग की। वर्ष 2023 में उनके पति सूर्य प्रकाश को करंट लगने से दोनों पैर कट गए तथा हाथों में आंशिक क्षति हुई, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी (शस्त्र) को बैंक से समन्वय कर यथोचित निस्तारण के निर्देश दिए।
खेरी रोड, छदमीवाला निवासी कैंसर पीड़ित विधवा सुमन ने अपनी पुत्री कनिका की फीस माफी का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने नंदा सुनंदा योजना के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


चकतूनवाला के कृषकों ने शिकायत की कि एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा सरकारी बजट से निर्मित रास्ता (सीवर लाइन सहित) बंद कर दिया गया है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। इस पर नगर आयुक्त, नगर निगम को प्रभावी कार्रवाई कर कृत कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
डालनवाला निवासी सीमा गुप्ता ने फरवरी 2024 की सड़क दुर्घटना में गंभीर फ्रैक्चर होने के बाद आर्थिक सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने हिट एंड रन योजना के अंतर्गत पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


मन्नूगंज निवासी विधवा बुजुर्ग मीना आनंद एवं चंद्रशेखर आज़ाद कॉलोनी निवासी वीरेंद्र धीमान (पैरालिसिस अटैक के कारण आजीविका में असमर्थ) को राइफल क्लब फंड से सहायता दिलाने हेतु प्रभारी अधिकारी शस्त्र को आवश्यक पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
ओगल भट्टा निवासी मोनिका ने अपनी बेटियों नंदिता एवं नंदिनी की शिक्षा प्रोजेक्ट नंदा सुनंदा के अंतर्गत कराने का अनुरोध किया। संबंधित समिति को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सहस्त्रधारा निवासी विधवा भारती बडोला ने शिकायत की कि उनकी दिव्यांग पुत्री को शालिनी पब्लिक स्कूल द्वारा शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल प्रवेश सुनिश्चित कराने तथा विद्यालय के विरुद्ध कार्रवाई कर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश
जिलाधिकारी ने दोहराया कि जनदर्शन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच है, और इसमें प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी मामलों में पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र व्यक्तियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंच सके।
उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कृष्ण कुमार मिश्रा, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त नगर निगम संतोष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti