देहरादून

गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया ध्वजारोहण

संविधान के मूल्यों के प्रति निष्ठा और कर्तव्यों के निर्वहन का लिया संकल्प

देहरादून, 26 जनवरी 2026 (सूवि)
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

ध्वजारोहण के उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान हमें समानता, न्याय और स्वतंत्रता का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में देश के प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी लोकतंत्र के महत्वपूर्ण अंग हैं, जिनका दायित्व लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप राज्य एवं देश को आगे बढ़ाने में अहम होता है।


जिलाधिकारी ने कहा कि एक लोक सेवक के रूप में अधिकारियों और कर्मचारियों का लक्ष्य आर्थिक, सामाजिक एवं आधारभूत ढांचे के विकास के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करना है। भारत विविधताओं का देश है, जहां भाषा, संस्कृति और परंपराएं भिन्न-भिन्न हैं, फिर भी संविधान हमें एक सूत्र में बांधता है। उन्होंने संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रशासनिक पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना से ही संभव है। जिलाधिकारी ने जिले में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रशस्ति पत्र से सम्मानित कर्मचारी
इस अवसर पर जिन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, उनमें श्रीमती रजनी नेगी, श्रीमती शशि उनियाल, श्रीमती निर्मला पंत, श्रीमती हेमा बिष्ट, श्रीमती सरिता डबराल, कैलाश पाण्डेय, हरी शंकर, सर्वेन्द्र सिंह नेगी, अजय रावत, श्रीमती किरन रानी, विपुल बहुगुणा, आशीष जोशी, अनुज कुमार, सुश्री निधी टम्टा, दिनेश वर्मा, अमित भट्ट, गौरव रावत, श्रीमती शमीम अन्जुम जैदी, श्रीमती जगदम्बा रतूड़ी, जोगेन्द्र सिंह, योगेश सुन्दरियाल, आत्मा राम शर्मा, मयंक जोशी, मनोज कुकरेती, दीवान सिंह शर्मा, बाबर खान सहित सूचना विभाग के इन्द्रेश, अभिषेक, मुकुल, सुरेन्द्र कोठारी तथा प्रान्तीय रक्षक दल, देहरादून के कार्मिक शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, सहायक निदेशक/जिला सूचना अधिकारी बीसी नेगी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश कपिल, प्रशासनिक अधिकारी हरीश पाण्डेय सहित कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti