देहरादूनरुद्रपुर

77वें गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

रुद्रपुर, 26 जनवरी।
देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं जनपद ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे और उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने पीआरडी, एनसीसी, स्काउट–गाइड एवं पुलिस परेड की सलामी ली तथा परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा सम्मानित भी किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली गईं एवं देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ और हमारा देश एक संप्रभु गणराज्य बना। हमारे संविधान ने हमें समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे मूल अधिकार दिए हैं, जो हमें एकजुट रखकर एक सशक्त राष्ट्र बनाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से एक महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है, जहां विश्व मंच पर भारत की आवाज सुनी जाती है। साथ ही पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिख रहा है। सड़क कनेक्टिविटी, कृषि, औद्यानिकी, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसे क्षेत्रों में राज्य ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि 27 जनवरी उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। उन्होंने उत्तराखंड को वीर भूमि बताते हुए कहा कि देहरादून के गुनियाल गांव में भव्य सैन्य धाम का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिसका शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी लोग सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, राज्यमंत्री फरजाना बेगम, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा रश्मि रस्तोगी, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Uma Shankar Kukreti