देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, दूध व टोफू के नमूने लिए, 3 रेस्टोरेंटों को नोटिस
देहरादून। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड श्री सचिन कुर्वे तथा जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल के निर्देशानुसार जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में आज प्रातः दीप नगर क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रमेश सिंह द्वारा एक डेयरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। संदेह के आधार पर खुले दूध के 3 नमूने जांच हेतु लिए गए, जबकि जीएमएस रोड स्थित रिलायंस स्टोर से टोफू पनीर का 1 नमूना भी संग्रहित किया गया। इस प्रकार कुल 4 नमूने जांच के लिए भेजे गए।
इसके बाद सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रमेश सिंह की टीम ने मसूरी रोड, राजपुर क्षेत्र में रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 3 रेस्टोरेंटों को सुधार नोटिस जारी किए गए।

विभाग ने सभी रेस्टोरेंट संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य लाइसेंस को प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने तथा “12 हाइजीन गोल्डन रूल्स” का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

