नवरात्र पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, देहरादून में चला जांच अभियान
देहरादून, 27 सितम्बर।
शारदीय नवरात्र के अवसर पर व्रत में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देश पर जनपद देहरादून में व्यापक निरीक्षण किए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून, श्री मनीष सयाना के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र के कारगी व आईएसवीटी इलाके में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुट्टू के आटे, साबुदाना व घी सहित 04 नमूने जांच हेतु लिए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश श्री संतोष कुमार सिंह ने ऋषिकेश क्षेत्र में निरीक्षण कर 03 नमूने जाँच हेतु लिए। वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर श्री संजय तिवारी ने सेलाकुई और झाझरा क्षेत्र से 05 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे।

कुल मिलाकर जनपद में 12 नमूने एकत्र कर खाद्य विश्लेषक को भेजे गए। सहायक आयुक्त मनीष सयाना ने बताया कि सभी खाद्य कारोबारियों को केवल FSSAI प्रमाणित कुट्टू के आटे की बिक्री करने के निर्देश दिए गए हैं। पैकेट पर बैच नंबर, निर्माण व अवसान तिथि और FSSAI नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना अनिवार्य है।
निरीक्षण टीम में सहायक आयुक्त श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम श्री रमेश सिंह, ऋषिकेश/देहरादून ग्रामीण श्री संतोष कुमार सिंह, विकासनगर श्री संजय तिवारी और मसूरी खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कपिल देव शामिल रहे।
सहायक आयुक्त ने बताया कि यह विशेष अभियान पूरे नवरात्र और दीपावली त्यौहार तक जारी रहेगा।
