Uttarakhand

नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी सुधारों से व्यापार और अर्थव्यवस्था को मजबूती : महापौर

रुद्रपुर। नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में आयोजित जीएसटी बचत उत्सव के तहत महापौर विकास शर्मा ने रविवार को व्यापारी बंधुओं से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न दुकानों का दौरा करते हुए व्यापारियों से फीडबैक लिया और उन्हें हाल ही में लागू हुए नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी सुधारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी केवल एक कर प्रणाली नहीं, बल्कि एक ईमानदार अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुका है। नई जीएसटी दरों में कटौती से उपभोक्ताओं को सस्ते दामों पर वस्तुएं मिल रही हैं, वहीं व्यापारियों को भी राहत और पारदर्शिता का लाभ मिल रहा है।

स्वदेशी उत्पादों को दिया बढ़ावा

महापौर शर्मा ने संवाद के दौरान व्यापारियों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” और “मेक इन इंडिया” जैसे अभियानों को सफल बनाने में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यही कदम देश को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम साबित होंगे।

व्यापारियों ने की सराहना

संवाद कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों ने जीएसटी सुधारों को सरल और पारदर्शी करार दिया। कई छोटे व्यापारियों ने कहा कि अब कर प्रणाली अधिक सहज हो गई है और पुरानी जटिलताओं से उन्हें राहत मिली है।व्यापारियों ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्णयों को दूरदर्शी बताते हुए इन्हें देश की आर्थिक वृद्धि के लिए मील का पत्थर बताया।

त्योहारों से पहले मिला नया उत्साह

महापौर ने कहा कि त्योहारी सीजन से पहले किए गए सुधारों ने व्यापार जगत को नई ऊर्जा दी है। व्यापारी वर्ग आज खुद को अधिक सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार लगातार व्यापार को बढ़ावा देने और नियमों को सरल बनाने पर कार्य कर रही है, जिससे हर उद्यमी को लाभ हो रहा है।कार्यक्रम में स्थानीय बाजार के प्रमुख व्यापारी, समाजसेवी एवं भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Shubham Mishra