Wildlifeदेहरादून

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने लच्छीवाला में “वन्यजीव सप्ताह 2025” के समापन सत्र को किया संबोधित

देहरादून: उत्तराखंड के वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने लच्छीवाला में वन विभाग द्वारा आयोजित “वन्यजीव सप्ताह 2025” के समापन सत्र में प्रतिभाग किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

वन मंत्री ने कहा कि “वन्यजीव हमारी प्रकृति और पर्यावरण की अमूल्य धरोहर हैं। उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

उन्होंने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष प्रबंधन योजना के तहत राज्यभर में रैपिड रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं, सौर ऊर्जा चालित बाड़ों की स्थापना की जा रही है, राहत मुआवज़ा प्रक्रिया को तेज किया गया है, तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाए जा रहे हैं।

मंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हाल ही में यह घोषणा की गई है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष में जनहानि होने की स्थिति में मुआवज़ा राशि 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा, “हम किसी की क्षति को पूरी तरह नहीं भर सकते, परंतु यह पहल प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का प्रयास है।”

समापन कार्यक्रम के दौरान वन्यजीव संरक्षण एवं रेस्क्यू कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वन कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री बृज भूषण गैरोला, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti