जैतपुर घोसी में बिना अनुमति के आयोजित हुआ उर्स,शिकायत पर पहुंची पुलिस ने बंद कराया
काशीपुर। आईटीआई थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर घोसी में बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित किए गए उर्स में देर रात तक लाउडस्पीकर बजने और दुकानों व झूलों के लगाए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों ने इसे नई परंपरा शुरू करने का आरोप लगाते हुए 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उर्स में बज रहे स्पीकर को बंद करा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार जैतपुर घोसी क्षेत्र में स्थित एक मजार पर बुधवार रात बिना किसी अनुमति के उर्स का आयोजन किया जा रहा था। आयोजन में कई अस्थायी दुकानें लगाई गई थीं, साथ ही बच्चों के लिए झूले भी लगाए गए। देर रात तक बजते स्पीकरों से आस-पास के लोगों को शोर-शराबे की परेशानी हुई। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों द्वारा 112 पर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लाउडस्पीकर बंद कराए। आयोजक से उर्स को लेकर अनुमति के कागज मागे गए। संचालक के द्वारा एसडीएम के नाम लिखी अनुमति पर ग्राम प्रधान सतीश कुमार के द्वारा हस्ताक्षर लिखी कागज पेश करे गए।

पुलिस ने मजार के मौलवी को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले लिया है। उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले कभी इस मजार पर ऐसा आयोजन नहीं हुआ, लेकिन इस बार नई परंपरा शुरू करने की कोशिश की जा रही थी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
