गौ सेवा है मानवता का आधार : रेखा आर्या
हजारों युवाओं की उपस्थिति में रुद्रपुर में हुआ गौरक्षा दल का महासम्मेलन व महायज्ञ
रुद्रपुर। रविवार को आयोजित गौ सेवा रक्षक संगठन के महासम्मेलन और महायज्ञ में गौ सेवा को मानवता और राष्ट्र सेवा का मूल आधार बताया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौ सेवा ही सच्ची देश सेवा है। भारतीय संस्कृति और जीवनशैली में गाय हमेशा अर्थव्यवस्था और आस्था का प्रमुख केंद्र रही है।
मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि आज भी प्रदेश में लाखों महिलाओं की आजीविका गाय पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा गौभक्ति और राष्ट्रभक्ति को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा है। भाजपा की सभी विकास योजनाएं इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर तैयार की जाती हैं।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि धर्म और अर्थ दोनों ही जीवन के समान रूप से आवश्यक अंग हैं, और भाजपा सरकार इन्हीं मूल्यों के अनुरूप कार्य कर रही है।रेखा आर्या ने कहा कि गौ सेवा राष्ट्र सेवा का प्रतीक है और भारतीय परिवार व्यवस्था में गाय हमेशा आर्थिक सशक्तिकरण की आधारशिला रही है।महासम्मेलन के दौरान जिलेभर से हजारों युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, बाल आयोग सदस्य व कार्यक्रम संयोजक दीपक गुलाटी, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, गौरक्षा दल जिलाध्यक्ष विराट आर्य, पंडित प्रभात आर्य, पंकज बांगा, दूधिया मंदिर के महंत शिवानंद महाराज, राज्यमंत्री उत्तम दत्ता और मानस जायसवाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
