Uttarakhand

26 हज़ार से अधिक प्रतिबंधित कैप्सूल-टैबलेट बरामद, दो गिरफ्तार

रुद्रपुर। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने सुल्तानपुर पट्टी कस्बे में संचालित मोबिन मेडिकल स्टोर पर छापा मारते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयाँ बरामद कीं। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ऊधम सिंह नगर पुलिस की कोतवाली बाजपुर टीम, एसओटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कस्बे के मोबिन मेडिकल स्टोर व आरोपी के घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 26,296 प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट बरामद की गईं, जिनमें 23,896 ट्रैमाडोल हाइड्रोक्लोराइड युक्त कैप्सूल (SPAS PROXYMIN PLUS, PROXIMO SPAS, PATMOL-SPAS) और 2,400 अल्प्राजोलम टैबलेट शामिल हैं।टीम ने मौके से स्टोर संचालक कासिम अली (60 वर्ष) और उसके पुत्र मो. उवेश (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ कोतवाली बाजपुर में एफआईआर संख्या 420/2025 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस का कहना है कि बरामद दवाओं की मात्रा और प्रकृति से स्पष्ट होता है कि यह रैकेट लंबे समय से अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था।इस संयुक्त कार्रवाई में कोतवाली बाजपुर पुलिस टीम से उपनिरीक्षक कैलाश नगरकोटी, दीपक बिष्ट, कांस्टेबल बलवंत सिंह और अर्जुन नगन्याल शामिल रहे, जबकि SOTF कुमाऊँ परिक्षेत्र‌ से म0उ0नि0 दीपा अधिकारी, उ0नि0 पूरन सिंह मर्तिलिया, हे0कानि0 मुजर्फर अली, हे0कानि0 हरवंश राणा, हे0कानि0 पंकज सिंह कंडारी और कानि0 मुकेश सिंह बोरा की अहम भूमिका रही।पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ ऐसी सघन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Shubham Mishra