देहरादून

पति शराब पीकर करता है पत्नी और बेटी से हिंसा; पत्नी ने डीएम से लगाई गुहार

पति ने पत्नी व बेटी को आग लगाकर जान से मारने का किया प्रयास, डीएम ने दर्ज करवाई ऑनलाइन एफआईआर

देहरादून, 11 नवम्बर 2025 (सू.वि.)
जिलाधिकारी कार्यालय में आज एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जब व्यथित महिला हेमलता ने डीएम सविन बंसल से अपनी और अपनी 10 वर्षीय बेटी की जान की सुरक्षा की गुहार लगाई।

हेमलता ने बताया कि उनका पति, जो अद्वैसैनिक बल में कार्यरत है, प्रतिदिन शराब पीकर उनके साथ मारपीट करता है। कुछ दिन पहले उसने पत्नी और बेटी को आग लगाकर जलाने व तेजाब डालने का प्रयास किया। भयभीत महिला ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई कि उसे पति से सुरक्षा प्रदान की जाए तथा जीवनयापन हेतु आर्थिक सहायता दिलाई जाए।

डीएम सविन बंसल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज करवाई और प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

महिलाओं के प्रताड़ना के बढ़ते मामले

जिलाधिकारी के समक्ष हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें महिलाएं अपने परिजनों, पतियों, पुत्रों या पड़ोसियों द्वारा प्रताड़ित की जा रही हैं और उनकी सुनवाई नहीं हो पा रही है।

डीएम ने बताया कि ऐसे सभी प्रकरणों की ऑनलाइन एफआईआर दर्ज की जा रही है और उनकी मॉनिटरिंग भी की जा रही है। जनता दर्शन में भी रोज़ाना 5 से 7 ऐसे प्रकरण पंजीकृत हो रहे हैं।

अब तक 110 से अधिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Uma Shankar Kukreti