इंद्राणी पांधी बनीं उत्तरांचल पंजाबी महासभा की प्रदेश महिला अध्यक्ष
देहरादून। दून क्लब में आयोजित कार्यक्रम में इंद्राणी पांधी को सर्वसम्मति से उत्तरांचल पंजाबी महासभा की प्रदेश महिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनके नाम का प्रस्ताव प्रदेश कोषाध्यक्ष पीएस कोचर और प्रदेश संगठन मंत्री जीएस आनंद ने रखा, जिसका समर्थन प्रदेश मीडिया प्रभारी विजय कथूरिया ने किया। प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा और प्रदेश महामंत्री राज कुमार पुट्टैला की सहमति के बाद उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गई।
नवनियुक्त प्रदेश महिला अध्यक्ष इंद्राणी पांधी ने कहा कि वह समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और पंजाबी समुदाय के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।
कार्यक्रम में राजीव सच्चर, बलदेव पाराशर, दिलबाग सिंह, डॉ. दीपशिखा गर्ग, दिव्या बंसल, प्राची जुयाल, सविता मेहता, अंजना साहनी, अरुणा चावला, स्वाति के. उनियाल, डॉ. बीना शर्मा, सुमन डोभाल काला और डॉ. जागृति नवानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सरकार में पंजाबी समाज की भागीदारी का मुद्दा उठा
देहरादून। उत्तरांचल पंजाबी महासभा की सेवक आश्रम रोड स्थित कार्यालय में हुई बैठक में उत्तराखंड सरकार में पंजाबी समाज की भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में पंजाबी समाज की आबादी और विभिन्न क्षेत्रों में उसके योगदान को देखते हुए राजनीतिक एवं प्रशासनिक दायित्वों में भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
प्रदेश संगठन मंत्री जीएस आनंद और प्रदेश कोषाध्यक्ष पीएस कोचर ने कहा कि हाल ही में राज्य सरकार की ओर से दिए गए दायित्वों में पंजाबी समाज को केवल दो पदों पर स्थान मिला है। उन्होंने इसे समाज की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं बताते हुए नाराजगी जताई।
पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि रुद्रपुर में आयोजित सिख सम्मेलन में पंजाबी समाज के प्रमुख लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया, जिसे लेकर समाज में रोष है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास में पंजाबी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और व्यापार, उद्योग, सामाजिक सेवा तथा अन्य क्षेत्रों में समाज के लोग लगातार योगदान दे रहे हैं।
महासभा पदाधिकारियों ने सरकार से पंजाबी समाज को उसकी भागीदारी के अनुरूप प्रतिनिधित्व देने की मांग की। बैठक में वीके कथूरिया और इंद्राणी पांधी मौजूद रहे।
