Uttarakhand

महापौर जनता के द्वार अभियान की शुरुआत: संजय नगर खेड़ा में बहुद्देशीय शिविर, मौके पर ही निपटीं जनजन की समस्याएं

रूद्रपुर। अपने चुनावी वादे को धरातल पर लाने की दिशा में महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को वार्ड नंबर 11 संजय नगर खेड़ा बस्ती से ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। बसंती पूजा मैदान में लगे बहुद्देशीय शिविर में नगर निगम, बिजली विभाग, जल संस्थान, श्रम विभाग, समाज कल्याण, जन्म प्रमाण पत्र शाखा, आयुष्मान समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर सीधे जनता तक सुविधाएं पहुंचाई गईं। शिविर में आए बड़ी संख्या में नागरिकों की समस्याओं को स्वयं महापौर व अन्य अधिकारियों ने सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।

जनसमस्याओं का तत्काल निस्तारण

शिविर में बिजली, पेयजल, राशन कार्ड, पेंशन, सफाई व अन्य जनसुविधा से जुड़ी समस्याएं लोगों ने सीधे महापौर के समक्ष रखीं। एक शिकायतकर्ता ने अत्यधिक बिजली बिल पर चिंता जताई, जिस पर महापौर ने मौके पर विद्युत विभाग की टीम को घर पर मीटर जांच कर समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दे दिए। उन्होंने कहा कि अब जनता को छोटी–मोटी शिकायतों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि नगर निगम स्वयं वार्डों में जाकर समस्याएं दूर करेगा।

सोमवार को हर हफ्ते वार्डवार शिविर

महापौर विकास शर्मा ने घोषणा की कि अब प्रत्येक सोमवार को अलग–अलग वार्डों में ‘महापौर जनता के द्वार’ के तहत बहुद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी और जनसमस्याओं का समाधान सीधे फील्ड स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल शिकायत निस्तारण नहीं, बल्कि केंद्र व राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी है।

नगर निगम–जनता के बीच सेतु

महापौर ने नगर निगम को सरकार और जनता के बीच सेतु बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जन–जन तक योजना’ पहुंच की दृष्टि से इस अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि ट्रिपल इंजन सरकार में रूद्रपुर तेजी से विकास की राह पर बढ़ रहा है और जनहित की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान संभव हो सके।

जरूरतमंदों के लिए राहत

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडेय ने कहा कि ‘महापौर जनता के द्वार’ जनभावनाओं का सम्मान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि कई बुजुर्ग, महिलाएं और जरूरतमंद लोग कारणवश कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते, ऐसे में वार्ड स्तर पर लगाए जाने वाले शिविर उनके लिए बड़ी राहत साबित होंगे। उन्होंने नगर निगम का संकल्प बताया कि अधिकाधिक लोगों तक शासकीय सुविधाएं सरल व सुगम तरीके से पहुंचाई जाएं। इस अवसर पर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, राजू नबियाल, पार्षद पवन राणा, चिराग कालरा, राधेश शर्मा व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Shubham Mishra