महापौर परिषद के 53वें राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल हुए महापौर विकास शर्मा
70 से अधिक नगर निगमों के महापौरों ने साझा किए अनुभव, शहरी विकास की दिशा में हुआ मंथन
रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को हरियाणा के करनाल स्थित प्रतिष्ठित नूर महल में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद के 53वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस सम्मेलन में देशभर से 70 से अधिक नगर निगमों के महापौर शामिल हुए, जिन्होंने अपने-अपने शहरों में किए गए नवाचारों और विकास कार्यों को साझा किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास योजना मंत्री मनोहर लाल के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इसके बाद मंच पर उपस्थित विशिष्ट अतिथियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच पर पूर्व महापौर एवं कालका विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, परिषद अध्यक्ष एवं पूर्व आगरा महापौर नवीन जैन, भोपाल से संगठन महामंत्री उमा शंकर गुप्ता, पंचकूला महापौर कुलभूषण गोयल, बुरहानपुर की महापौर श्रीमती मधुरी अतुल पटेल, इंद्री विधायक राजकुमार कश्यप, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, असंध विधायक योगेंद्र राणा और करनाल जिलाधिकारी परवीन लाथर जैसी प्रमुख हस्तियाँ मौजूद रहीं।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारत के नगरों का सतत विकास तभी संभव है जब नागरिक सुविधाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए। उन्होंने स्वच्छता मिशन, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और शहरी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि महापौर इस दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।इस अवसर पर रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने अपने शहर में किए गए नवाचारों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा कूड़े के पहाड़ का वैज्ञानिक निस्तारण एक बड़ी चुनौती थी, जिसे सफलता पूर्वक अंजाम दिया गया। इसके साथ ही डिजिटल सेवाओं की शुरुआत, सफाई व्यवस्था में सुधार और आगामी विकास योजनाओं पर भी उन्होंने जानकारी साझा की।
महापौर शर्मा ने कहा कि सक्षम शहरी प्रशासन के लिए आवश्यक है कि स्थानीय निकायों को और अधिक अधिकार दिए जाएं। आर्थिक, प्रशासनिक और विधिक रूप से नगर निगमों को मजबूत करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल औपचारिक सभा नहीं, बल्कि अनुभवों के आदान-प्रदान और नीति निर्माण का प्रभावशाली मंच है।उन्होंने विश्वास जताया कि इस साझा संवाद और केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन से शहरी विकास की दिशा में नई ऊर्जा और ठोस नीतियाँ सामने आएंगी। महापौर शर्मा ने इसे देशभर के महापौरों के लिए मील का पत्थर साबित होने वाला सम्मेलन बताया।
