सैनिक कल्याण परिसर में चार लाख की लागत से बनेगा आधुनिक शौचालय
रुद्रपुर। पूर्व सैनिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए नगर निगम ने सैनिक कल्याण विभाग परिसर में आधुनिक शौचालय निर्माण का शिलान्यास किया। महापौर विकास शर्मा ने पार्षद बीनू और पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर इस परियोजना का विधिवत उद्घाटन किया, जिसकी लागत करीब चार लाख रुपये है। इससे परिसर में आने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके परिजनों और अन्य नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
वर्ष 2002 से इस परिसर में कोई सार्वजनिक शौचालय नहीं था, जिससे विशेषकर वृद्ध सैनिकों और महिलाओं को भारी असुविधा हो रही थी। शिलान्यास के बाद आयोजित सभा में महापौर ने पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनीं, उनके सुझाव लिए और नगर निगम की विकास योजनाओं की जानकारी दी।
संबोधन में महापौर विकास शर्मा ने कहा, “हमारे पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा में जीवन समर्पित किया है। उनका सम्मान और मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना हमारा कर्तव्य है। नगर निगम उनके हितों के प्रति प्रतिबद्ध रहेगा और उनके सुझावों को प्राथमिकता देगा।”
कार्यक्रम में कर्नल चंद्र प्रकाश कोठारी, सूबेदार मेजर खड़क सिंह कार्की, कैप्टन धन सिंह कोरंगा, सूबेदार भगवान सिंह, सूबेदार दरबान सिंह, डिप्टी कमांडेंट गोविंद भंडारी, हवलदार मदन पांडे, नायक मान सिंह मेहता, शेखर जोशी, हवलदार तारा सिंह राणा, मान सिंह खड़ायत, करम सिंह डागी, बिशन सिंह रावत और सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन सुंदर सिंह सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित थे। सभी ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत किया।
