गौचरचमोली

विश्व दृष्टि दिवस पर विद्यार्थियों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक

 

चमोली, 09 अक्टूबर 2025 (सू.वि.)

हर वर्ष अक्टूबर माह के दूसरे गुरुवार को मनाए जाने वाले विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सैकोट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य सूचना, शिक्षा एवं संचार अधिकारी उदय सिंह रावत ने विद्यार्थियों को नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित उपयोगी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दृष्टि दोष में व्यक्ति को दूर या पास की वस्तुएं धुंधली दिखाई देती हैं। नजदीक का काम करते समय सिरदर्द होना, आंखों में पानी आना या ब्लैकबोर्ड के अक्षर साफ न दिखना इसके सामान्य लक्षण हैं। श्री रावत ने कहा कि उचित नंबर का चश्मा पहनने से दृष्टि दोष को नियंत्रित किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि विटामिन ‘ए’ आंखों के लिए अत्यंत आवश्यक पोषक तत्व है। इसकी कमी से बच्चों की दृष्टि कमजोर हो सकती है और ‘रतौंधी’ जैसी समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने गाजर, पपीता, दूध, अमरूद, अंडा और हरी पत्तेदार सब्जियों जैसे विटामिन ‘ए’ युक्त आहार के सेवन की सलाह दी।

श्री रावत ने विद्यार्थियों को आंखों की सुरक्षा हेतु मोबाइल का सीमित उपयोग करने और नियमित नेत्र परीक्षण कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आंखों में चोट लगने या किसी दृष्टि समस्या के प्रकट होने पर तुरंत नजदीकी नेत्र चिकित्सक या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य भरत सिंह राणा, रश्मि सजवाण, अनिल सकनानी, अनूप कुमार सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

K. S. Aswal