देहरादून

देहरादून में “राइजिंग लीडर्स फॉर इंक्लूसिव एंड प्रोग्रेसिव चेंज” कार्यक्रम का शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने युवाओं से किया संवाद

देहरादून, 4 जून। होटल मधुबन, देहरादून में आयोजित “राइजिंग लीडर्स फॉर इंक्लूसिव एंड प्रोग्रेसिव चेंज” कार्यक्रम के द्वितीय मॉड्यूल का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने किया।
इस अवसर पर भारत एवं जर्मनी से आए प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने समावेशी विकास, प्रभावी नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक परिवर्तन में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करने के साथ-साथ विभिन्न संस्कृतियों, विचारों और अनुभवों से सीखने का अवसर देते हैं, जिससे वे समाज और राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावी योगदान दे सकते हैं।


कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए लोकतंत्र, जनप्रतिनिधित्व, नीति निर्माण, महिला नेतृत्व और युवाओं की सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवाओं को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का नेतृत्व करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि उन्हें सही दिशा, अवसर और मंच मिले तो वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और नेतृत्व विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।

Uma Shankar Kukreti