Uttarakhand

रुद्रपुर की राजनीति में भूचाल: पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने कांग्रेस को ठुकराकर भाजपा का दामन थामा

रुद्रपुर। रुद्रपुर की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। तराई क्षेत्र की कद्दावर कांग्रेस नेत्री व पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी में मीना शर्मा व अन्य नेताओं को पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।

मीना शर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस की महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सहित कई पदों पर रहीं और पार्टी की सेवा की, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की ओर से लाए गए “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” और 33% स्त्री आरक्षण बिल का विरोध करना कांग्रेस के “महिला सम्मान” के दावे की दोहरी नीति को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि रुद्रपुर की राजनीति में एक पूर्व विधायक के खिलाफ विवादित रूप से वायरल ऑडियो में घटिया भाषा और अभद्रता के उदाहरण आए, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उस नेता के प्रति ठोस कार्रवाई के बजाय उन्हें “गले लगाने” जैसा व्यवहार अपनाया, जो महिला नेतृत्व के साथ उसकी वास्तविक नीयत साफ करता है।

 

मीना शर्मा ने कहा कि भाजपा परिवार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में वह पार्टी की रीति‑नीति को आगे बढ़ाते हुए संगठन को मजबूत करेंगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी स्पष्ट रूप से बोलते हुए कहा कि रुद्रपुर में आगे “कमल का फूल” खिलाने और उत्तराखंड में भाजपा सरकार की बारी‑बारी लगाने में अपना योगदान देंगी। इसके बाद मीना शर्मा ने विधायक शिव अरोरा के साथ मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचकर पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया और गद्दा भेंटकर उनका अभिवादन किया।

 

विधायक शिव अरोरा की प्रतिक्रिया

रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि “कांग्रेस डूबता जहाज है, जहां से आये‑दिन नेता और कार्यकर्ता निकल रहे हैं।” उन्होंने मीना शर्मा के अनुभव और महिला कार्यकर्ताओं में उनकी पकड़ को भाजपा के लिए बड़ा फायदा बताया और दावा किया कि आगे भी रुद्रपुर से कई बड़े चेहरे कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा में शामिल होंगे। श्री अरोरा ने कहा कि “कांग्रेस अब ऐसे नेताओं पर टिकी है, जिनकी घटिया भाषा और अश्लील बयानों के ऑडियो‑वीडियो लोगों ने देखे हैं। रुद्रपुर जानता है, इसलिए आने वाले चुनाव में कांग्रेस यहां साफ होगी और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।”

ये लोग हुए शामिल हुए

मीना शर्मा के साथ ही रुद्रपुर से संबंधित कई बड़े कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। इनमें अनिल शर्मा, संजीव रस्तोगी (महानगर सेवा दल अध्यक्ष), सुमित राय (कांग्रेस नगर सचिव), दिनेश मौर्य (महामंत्री कांग्रेस कमेटी), रामप्रसाद (पूर्व अध्यक्ष एससी प्रकोष्ठ), पूनम गुप्ता, अंजू जैन, सरोज रानी, श्वेता शर्मा (नगर महिला कांग्रेस की महामंत्री) और सुदर्शन शर्मा सहित करीब दो दर्जन कार्यकर्ता शामिल हैं। देहरादून में इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री दीप्ति भरद्वाज, के पी राठी व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

 

Shubham Mishra