ऋषिकेशटिहरी

दुखद: शिवपुरी चौकी प्रभारी एसआई विनोद कुमार शर्मा का सड़क हादसे में निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर

ऋषिकेश। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार शर्मा का निधन हो गया। हादसा उस समय हुआ जब वह नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद मुनि की रेती थाना क्षेत्र से अपनी चौकी शिवपुरी लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनकी स्कॉर्पियो वाहन (UK07-1007) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे गंगा नदी में समा गई। वाहन में एसआई विनोद कुमार शर्मा अकेले सवार थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन चलाते समय झपकी आना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे। संयुक्त बचाव अभियान चलाते हुए राफ्ट की सहायता से गंगा नदी से शव को बाहर निकाला गया और सड़क मार्ग तक पहुंचाया गया।
एसआई विनोद कुमार शर्मा मूल रूप से रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में शिवपुरी चौकी प्रभारी के पद पर तैनात थे। अपने सेवाकाल में उन्होंने ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। पुलिस सेवा में आने से पूर्व उन्होंने भारतीय सेना में भी सेवाएं दी थीं।
अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे पुलिस विभाग एवं आमजन के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस महकमे सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय नागरिकों और सहकर्मियों ने उन्हें एक समर्पित एवं संवेदनशील अधिकारी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
उत्तराखंड केसरी परिवार दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना करता है।
#VinodKumarSharma #Rishikesh #ShivpuriChowki #RoadAccident #UttarakhandPolice #SDRF #MuniKiReti #UttarakhandKesari #BreakingNews #Shradhanjali

Uma Shankar Kukreti