ग्राफिक एरा हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप, जन संघर्ष मोर्चा ने लूटपाट बंद करने की चेतावनी दी
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, धूलकोट पर मरीजों से अत्यधिक शुल्क वसूली और अनावश्यक ऑपरेशन कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन मरीजों और उनके परिजनों में भय पैदा कर ऑपरेशन के नाम पर लाखों रुपये जमा कराने का दबाव बनाता है।
नेगी ने दावा किया कि हाल ही में एक माइनर ब्रेन हेमरेज के मरीज को तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता बताकर 25 लाख रुपये जमा कराने को कहा गया था, जबकि दूसरे विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह पर बिना ऑपरेशन के लगभग एक से सवा लाख रुपये के खर्च में मरीज स्वस्थ होकर एक सप्ताह में घर लौट गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक मृत मरीज के परिजनों से स्टेंट और अन्य चिकित्सा उपकरणों के नाम पर लगभग सवा दो लाख रुपये की मांग की गई। मोर्चा के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझा और परिजनों को कम राशि में शव सौंपा गया।
जन संघर्ष मोर्चा ने आरोप लगाया कि अस्पताल में अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों से भी अधिक शुल्क वसूला जाता है तथा आयुष्मान योजना के मामलों में भी अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है।
नेगी ने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कथित लूटपाट और अनियमितताएं बंद नहीं हुईं तो मोर्चा व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगा।
पत्रकार वार्ता में पछवादून अध्यक्ष अमित जैन तथा ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी उपस्थित रहे।
नोट: इस संबंध में ग्राफिक एरा हॉस्पिटल का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
