Uttarakhand

आवास विकास स्थित दशमेश नगर में निगम की सख्त कार्रवाई, अतिक्रमण हटाए गए

रुद्रपुर। नगर निगम प्रशासन ने शहर में फैलते अतिक्रमण पर नकेल कसते हुए बुधवार शाम आवास विकास स्थित दशमेश नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर निगम की टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए अवैध रूप से रखा गया सामान जब्त कर लिया।

कार्रवाई का नेतृत्व सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल ने किया। इस दौरान निगम अधिकारी, कर्मचारी तथा जेसीबी मशीन मौके पर मौजूद रही। अभियान शुरू होते ही क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, दशमेश नगर में कई दुकानदारों ने सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से बोर्ड, स्टैंड, टेबल आदि रखकर आवागमन बाधित कर दिया था। स्थानीय पार्षद एवं निवासियों ने इस संबंध में बीते दिनों महापौर से शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने निगम अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

बुधवार की कार्रवाई में टीम ने जेसीबी की सहायता से सड़क किनारे रखे गए अवैध बोर्ड, स्टैंड और अन्य सामान हटाकर कब्जे में ले लिया। सहायक नगर आयुक्त नबियाल ने मौके पर व्यापारियों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों को सुचारू यातायात के लिए अतिक्रमण मुक्त रखना निगम की प्राथमिकता है और इसमें कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।इधर, निगम की इस कार्रवाई की क्षेत्रीय नागरिकों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि अतिक्रमण के चलते लंबे समय से सड़क पर पैदल चलना तक दुश्वार हो गया था। निगम की कार्यवाही जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम है।

Shubham Mishra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *