देहरादून

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹1252 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की

देहरादून
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹1252 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की
पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के साथ ही राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल ₹1252 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्णयों से प्रदेश में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा पेयजल, पर्यटन और बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने नियोजन विभाग के अंतर्गत स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना के तहत त्रिवेणी घाट, ऋषिकेश के पुनरुद्धार हेतु ₹115 करोड़ तथा हर की पौड़ी क्षेत्र के नॉर्थ हर की पौड़ी डेवलपमेंट के लिए ₹69.06 करोड़ की स्वीकृति दी है।
जनपद टिहरी गढ़वाल में टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण एवं एनपीवी भुगतान सहित प्रथम किश्त में ₹56.07 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में कैलाश मानसरोवर मार्ग पर एस्ट्रो टूरिज्म के तहत 08 इग्लू डोम हटों के निर्माण के लिए ₹4.67 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
शिक्षा क्षेत्र में समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत ₹446 करोड़ तथा उच्च शिक्षा विभाग के तहत 21 अशासकीय महाविद्यालयों के कार्मिकों के वेतन भुगतान हेतु ₹77.69 करोड़ (प्रथम छः माह) स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा चम्पावत, देहरादून और टनकपुर क्षेत्रों में पार्किंग, आवास निर्माण एवं बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
विधायक निधि के अंतर्गत बड़ा निर्णय
राज्य के 70 विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए ₹5 करोड़ प्रति विधायक की दर से कुल ₹350 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पेयजल और कुम्भ मेला-2027 की तैयारियां
हरिद्वार में पेयजल आपूर्ति और पाइपलाइन प्रतिस्थापन के लिए ₹6 करोड़ तथा हर की पौड़ी, कनखल और गौरीशंकर क्षेत्र में सड़कों के सुधार हेतु ₹6 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। विद्युत लाइन शिफ्टिंग के लिए ₹99 लाख भी स्वीकृत किए गए हैं।
आपदा प्रबंधन के लिए विशेष प्रावधान
राज्य के सभी जनपदों में आपदा से होने वाली क्षति को कम करने के लिए आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत प्रति जनपद ₹1 करोड़ के हिसाब से कुल ₹13 करोड़ की धनराशि जारी करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
इन सभी निर्णयों से उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिलेगी और आगामी कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी।