अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरा वाहन… तीन लोगों की मौके पर मौत
अल्मोड़ा 07/05/2026
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भिकियासैंण क्षेत्र के भाटिया के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि वाहन संख्या UK04F6683 की नंबर प्लेट सड़क किनारे पड़ी हुई है और एक व्यक्ति घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है। आसपास वाहन नजर नहीं आने पर उसके खाई में गिरने की आशंका जताई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। तलाश के दौरान करीब 150 मीटर गहरी खाई में वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिला। रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि मृतक जागरी का कार्य करते थे और चमोली पुसैला में जागर कार्यक्रम संपन्न कर अपने घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पहाड़ों में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। खराब सड़कें, गहरी खाइयां और रात के समय सफर अक्सर जानलेवा साबित हो रहा है। जरूरत है कि प्रशासन पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम और सख्त ड्राइविंग नियमों को और प्रभावी बनाए।
