देहरादून

ऋषिकेश में युवक से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार

 

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस की कार्रवाई

देहरादून। कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करने वाले दो अभियुक्तों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11 मई 2026 को वादी दिनेश कोठारी पुत्र आनंद कोठारी निवासी ऋषिकेश देहरादून रोड द्वारा कोतवाली ऋषिकेश में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया कि उन्होंने अतुल गुप्ता, दया गुप्ता, शिवांश गुप्ता, योगेश राठी एवं पार्थ गुप्ता को कारोबार हेतु धन उधार दिया था। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों द्वारा लगातार टालमटोल की जा रही थी। आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस करने का दबाव बनाया तो उक्त लोग अपने अन्य साथियों के साथ उनके होटल पहुंचे और उनके तथा उनके पुत्र के साथ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट की। घटना में उनके पुत्र सागर कोठारी को गंभीर चोटें आईं।

प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु०अ०सं०-177/26 धारा 115(2), 191(2), 324(4), 351(3), 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा मामले की विवेचना थानाध्यक्ष वसंत विहार को सौंपी गई। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, गवाहों के बयान तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्य एकत्रित किए गए।

जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दिनांक 02 जून 2026 को घटना में शामिल दो अभियुक्तों योगेश राठी तथा पार्थ सिंह को राजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में योगेश राठी पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी पार्क वेल्स हाउस नंबर-601 मालसी राजपुर रोड देहरादून तथा मूल निवासी रोहतक हरियाणा, उम्र 37 वर्ष एवं पार्थ सिंह पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र पाल सिंह निवासी THDC कॉलोनी ऋषिकेश, उम्र 24 वर्ष शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शैंकी कुमार थानाध्यक्ष वसंत विहार, अपर उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल हेमवती नंदन एवं कांस्टेबल शार्दुल शामिल रहे।