मथुरा थाना वृंदावन डायल 112 के सिपाही पर गेस्टहाउस में नहाते समय महिला का वीडियो बनाने का सनसनीखेज आरोप लगा है। महिला के साथ आये लोगो ने सिपाही को हाथापाई करके पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। यह सनसनीखेज मामला अटल्लाचुंगी स्थित एक गेस्टहाउस का है। जिसके कमरा नम्बर 201 में महोबा से आया हुआ श्रद्धालु परिवार ठहरा हुआ था। एक महिला बाथरूम में नहा रही थी। तभी महिला को शक हुआ कि बाथरूम की खिड़की में मोबाइल रखा हुआ है। उसने तत्काल अपने साथ आये अन्य साथियों को घटनाक्रम से अवगत कराया। उन्होंने बगल के सार्वजनिक शौचालय का दरवाजा खटखटाया तो उसमें से डायल 112 पीआरबी 1916 पर तैनात सिपाही बाहर निकला। श्रद्धालुओं ने सिपाही अवनीश कुमार पर महिला का अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए हाथापाई कर दी। गेस्टहाउस में हंगामे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। और मामले की जानकारी ली। महिला के आरोपो के आधार पर आरोपी सिपाही को कोतवाली ले जाया गया है। क्षेत्राधिकारी सदर गौरव त्रिपाठी ने बताया कि महिला द्वारा जो आरोप लगाये गये है।उनकी जांच करायी जा रही है। कांस्टेबल के मोबाइल की जांच की गयी। उसमें कोई ऐसी वीडियो नही मिली है। पूरे मोबाइल की जांच एक्सपर्ट से करायी जायेगी। गेस्टहाउस संचालक ने बताया कि उक्त कांस्टेबल प्रतिदिन ड्यूटी के बाद यहाँ नहाने के लिये आता है। फिर वृंदावन की परिक्रमा व मन्दिर दर्शन के लिये जाता है।