दो दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण सम्पन्न, आपदा प्रबन्धन में तकनीक के उपयोग पर दिया गया जोर
रूद्रपुर। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद उधमसिंह नगर में आपदा प्रबन्धन विभाग की ओर से आपदा राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन, मेले एवं आयोजनों में ट्रैफिक नियंत्रण, वीआईपी ड्यूटी, कानून-व्यवस्था तथा अन्य संवेदनशील गतिविधियों की निगरानी के लिए दो दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 07 एवं 08 मई 2026 को आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी, उधमसिंह नगर ने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस विभाग तथा जनपद की सभी तहसीलों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए ड्रोन संचालन, उसकी उपयोगिता, सुरक्षा मानकों और आपदा प्रबन्धन कार्यों में ड्रोन तकनीक के प्रभावी उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण दिया।प्रशिक्षण के दौरान ड्रोन के माध्यम से आपदा प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी, राहत एवं बचाव कार्यों में त्वरित सहायता, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
समापन दिवस 08 मई को आपदा प्रबन्धन अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्रोन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही पुलिस विभाग को 02 तथा सभी तहसीलों को 01-01 सहित कुल 10 ड्रोन कैमरे उपलब्ध कराए गए, ताकि विभिन्न विभागीय कार्यों में आधुनिक तकनीक का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
