उ प्र : 1985 से लगातार 89 बार हार चुके 73 साल के हसनुराम एक बार फिर से चुनावी मैदान में
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक सीट चुनाव (एमएलसी) की नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को भी जारी रही। इसमें शिक्षक के लिए तीन और स्नातक सीट के लिए 14 नामांकन पत्र लिए गए। विभिन्न पदों पर 89 बार चुनाव हारने के बाद भी 73 वर्षीय हसनुराम अंबेडकरी का हौसला बरकरार है। 90 वीं बार वह फिर से स्नातक सीट से मैदान में उतरे हैं। उधर, कांग्रेस से राजेश कुमार ने नामांकन पत्र लिया है।
हसनुराम ने बताया कि वे वर्ष 1985 से चुनाव लड़ रहे हैं। जिसमें विधानसभा, लोकसभा, एमएलसी, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत, प्रधान, क्रय विक्रय, पार्षद के पद शामिल हैं।
कांग्रेस से कन्नौज के राजेश कुमार द्विवेदी, जनाधिकार पार्टी से हाथरस के थान सिंह कुशवाह और बाकि के निर्दलीय रहे। दूसरे दिन भी नामांकन नहीं हुआ। दोनों सीटों के लिए 12 नवंबर तक नामांकन होने हैं। इधर, सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक प्रक्रिया चली। कुल 17 प्रत्याशियों ने पर्चा खरीदा। इस दौरान कोविड 19 के नियमों का सख्ती से पालन किया गया।