हल्द्वानी: जाम फैक्ट्री परिसर में ऑर्गेनिक वेस्ट प्रोसेसिंग मशीन का महापौर ने किया उद्घाटन, 24 घंटे में कचरे को बनेगी खाद
हल्द्वानी। जाम फैक्ट्री परिसर, राजपुरा हल्द्वानी में स्वचालित ऑर्गेनिक वेस्ट प्रोसेसिंग मशीन का उद्घाटन महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया। रिमोट से चलने वाली यह नवीनतम तकनीक वाली मशीन गीले जैविक कचरे को मात्र 24 घंटे में उच्च गुणवत्ता वाली खाद में बदल देती है।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर निगम के अधिकारी और स्वच्छ अधिकार इंडिया के प्रबंध निदेशक प्रकाश उपाध्याय सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे। मशीन की क्षमता प्रतिदिन 1000 किलो गीले कचरे को प्रोसेस करने की है, जो सालाना 350 टन कचरा कम कर 35 टन खाद तैयार करेगी। यह पूरी तरह स्वचालित है, 1-2 ऑपरेटरों द्वारा चलाई जा सकती है और बिना शोर, कंपन या दुर्गंध के काम करती है।मशीन खुले कचरे से निकलने वाली हानिकारक मिथेन गैस को नियंत्रित कर पर्यावरण प्रदूषण रोकती है तथा भूमि उर्वरता और भूजल की रक्षा करती है।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा, “नगर निगम स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे रहा है। यह ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की दिशा में बड़ा कदम है। स्वच्छता हर नागरिक का कर्तव्य है। कचरा पृथक्करण और सही निस्तारण से ही हल्द्वानी को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है।” उन्होंने भविष्य में ऐसे नवाचारों को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया।
