Uttarakhand

महापौर ने झाड़ू उठाकर साफ किया ढेला पुल, बोले–“कूड़ा फेंकने वाले से ज्यादा रोकने वाले हाथ हों”

काशीपुर। दिन निकलते ही महापौर दीपक बाली हाथ में झाड़ू लेकर सड़क पर उतर पड़े और वार्ड 38 के मुरादाबाद रोड पर स्थित ढेला नदी के आसपास क्षेत्र को साफ स्वच्छ बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया। महापौर ने पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों, पार्टी जनों और पर्यावरण मित्रों के साथ मिलकर गंदगी उठाई, पॉलिथिन बैगों में कूड़ा भरा और पानी के तेज बहाव वाले पाइप से धुलाई भी कराई।

 

नगर निगम काशीपुर द्वारा महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में ढेला पुल के आसपास एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में जमा कचरे को हटाना और आम जनता में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। अभियान के दौरान महापौर, पार्षदों और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से सफाई की और इकट्ठा किया गया कचरा उचित निस्तारण के लिए निगम की व्यवस्था के तहत ले जाया गया।

महापौर दीपक बाली ने इस दौरान कहा कि काशीपुर की जनता में सफाई के प्रति जागरूकता तो आई है, लेकिन अभी भी काफी कमी है। उन्होंने कहा कि जिस दिन कूड़ा फेंकने वाले हाथों से अधिक उन्हें रोकने वाले हाथ हो जाएंगे, उसी दिन काशीपुर साफ, सुंदर और स्वस्थ बन पाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि “कूड़ा न फेंको इधर‑उधर, काशीपुर भी है आपका घर” और नगर निगम के साथ मिलकर स्वच्छता के लिए जुनून के साथ काम करें।इस अभियान में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, पार्षद पुष्कर बिष्ट, अब्दुल कादिर, अशोक सैनी, सतीश कुमार, प्रिंस बाली, संजय शर्मा सहित कई पार्षद, भाजपा जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला, वरिष्ठ नेता ईश्वर चंद गुप्ता, राजीव अरोरा, बच्चू अवनीश चौहान, देव प्रजापति, चौधरी समरपाल सिंह, घनश्याम सैनी, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, मोहित भारद्वाज, अशोक सैनी तथा पर्यावरण मित्रों सहित अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सड़क और ढेला नदी के आसपास के क्षेत्र को साफ कर शहर की स्वच्छता की जिम्मेदारी को धरातल पर उतारने का प्रयास किया।

 

 

Shubham Mishra