बंग भवन के लिए नई भूमि चिन्हित, पुराने कोषागार भवन पर बनेगी आधुनिक दो मंजिला इमारत
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को अमल में लाने के लिए नगर निगम ने बंगाली समाज की लंबे समय की मांग पूरी करने हेतु नया स्थान चिन्हित कर लिया है। महापौर विकास शर्मा ने विधायक शिव अरोरा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, एडीएम पंकज उपाध्याय, तहसीलदार दिनेश कुटोला व बंगाली समाज प्रतिनिधियों संग किच्छा बाईपास रोड पर आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स के सामने पुराने कोषागार भवन का निरीक्षण किया।

विस्तृत जायजा व विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से इस जर्जर भवन को ध्वस्त कर बंग भवन के लिए उपयुक्त मानते हुए अंतिम चयन कर लिया गया। महापौर ने बताया कि लगभग 1400 वर्गफुट क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं वाली दो मंजिला इमारत बनेगी, जिसमें बेसमेंट पार्किंग व सामुदायिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए पर्याप्त स्थान होगा। अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के सख्त निर्देश दिए गए।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह भवन मात्र निर्माण नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता व बंगाली समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाली ऐतिहासिक सौगात होगी। पूर्व में मोदी मैदान के पास भूमि चिन्हित हुई थी, किंतु तकनीकी बाधाओं के कारण वह संभव न हो सकी। सीएम धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर के समग्र विकास को गति मिली है, धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
